उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की सर्वोच्च परिषद की बैठक 11 नवंबर को इकाना स्टेडियम लखनऊ में होगी। इसमें परिषद के सभी 19 सदस्य शामिल होंगे। जो क्रिकेट के विकास को लेकर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही आगामी सत्र 2019-20 में यूपी की टीमों के बेहतर प्रदर्शन को लेकर रणनीति बनेगी।
विदित हो कि यूपीसीए की वार्षिक आमसभा 11 सितंबर को कमला क्लब में हुई थी। इसमें वर्किंग कमेटी को समाप्त कर उसके स्थान पर सर्वोच्च परिषद का गठन हुआ था। इसमें अध्यक्ष यदुपति सिंहानिया, सचिव युद्धवीर सिंह (मेरठ), कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार (उन्नाव), उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता (फिरोजाबाद) व संयुक्त सचिव-मोहम्मद फहीम (रायबरेली) लिए गए थे।
बैठक में इनके साथ इंडियन क्रिकेट एसोसिएशन से दो सदस्य इति चतुर्वेदी और अशोक बांबी, कैग (भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) के एक सदस्य और जिला क्रिकेट संघों से 11 सदस्य होंगे। इसमें डॉ. संजय कपूर (कानपुर), मोहम्मद तालिब (हमीरपुर), असद (सुल्तानपुर), चौधरी अहमद जावेद (बाराबंकी), अभिषेक शुक्ला (लखीमपुर), अजीज खान (सोनभद्र), मनोज पुंडीर (मुजफ्फरनगर), राकेश मिश्रा (गाजियाबाद), श्याम (जालौन), कमल चावला (मथुरा), पूरन डाबर (आगरा) से हैं।
यूपीसीए सचिव युद्धवीर सिंह का कहना है कि सर्वोच्च परिषद की बैठक के बाद यूपीसीए बोर्ड की भी बैठक होगी। इसमें खेल को बढ़ावा देने पर सदस्यों से सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर कमेटियां गठित हाेंगी।