कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में बुधवार को मिशन शक्ति के तहत मीना दिवस मनाया गया। 670 उच्च प्राथमिक, कंपोजिट व कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शिक्षा प्राप्त कर रहीं बालिकाओं को मीना की कहानियां सुनाकर जागरूक और सशक्त बनाया गया।
विद्यालयों में छात्राओं को सजग और सशक्त बनाने के लिए मीना मंच बनाए गए हैं। स्कूल में जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए। सशक्तीकरण को लेकर भाषण, नाट्य, एकांकी सहित अन्य कार्यक्रमों को माध्यम से बालिकाओं जानकारी दी गई। शिक्षकों ने स्कूलों में मीना के किरदार पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जल एवं स्वच्छता के प्रति छात्राओं को जानकारी दी। रोशनमऊ पीएमश्री विद्यालय के शिक्षक पीबी सिंह गौर ने बताया कि स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को आत्म सम्मान, आत्मविश्वस, व्यक्तित्व का विकास व सहयोग की भावना को जागृत करने के लिए कार्यक्रम हुए।
...................
काल्पनिक कार्टून चरित्र पर आधारित है मीना मंच
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अरुणेश सिंह ने बताया कि बालिकाओं की शिक्षा और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए एक काल्पनिक कार्टून चरित्र मीना पर आधारित एक पहल है। 1990 में शुरू हुई इस परियोजना के तहत उच्च प्राथमिक स्तर पर मीना मंच की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से बालिकाओं को सचेत और जागरूक किया जाता है। कहानियों, फिल्मों और अभियान के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल अधिकारों जैसे मुद्दों पर संदेश दिया जाता है।
...................
मीना मेले में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
रूरा। रोशनमऊ के पीएमश्री संविलियन विद्यालय में मीना मेला का आयोजन किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण व बालिका शिक्षा पर आधारित मॉडल और पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि बच्चों के पहले गुरू माता-पिता होते हैं। ऐसे आयोजन बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में सहायक होते हैं। संचालन प्रताप भानु सिंह ने किया। यहां शिक्षक राजकुमार, विकास द्विवेदी, संगीत एम, शिवकुमार साहू, विजय, गौतम, हफीज अली, नरेंद्र, दीपक आदि मौजूद रहे।
.............
बयान
जिले के 670 उच्च प्राथमिक, कंपोजिट व कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मीना मंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, जल एवं स्वच्छता के प्रति जानकारी दी गई। - अशोक कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी