ताखा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के भगवंतपुर गांव से 27 अक्तूबर को दिल्ली दवा लेने गई नवविवाहिता कई दिनों से लापता है। एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद जब महिला घर नहीं लौटी तो ससुराल पक्ष ने इसकी सूचना विवाहिता के मायके वालों को दी। मायके पक्ष ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मैनपुरी जनपद के नगला दिलीप थाना बेवर की निवासी महिला की मां ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 18 फरवरी 2024 को गौरव यादव निवासी भगवंतपुर से हुई थी। वर्तमान में नांगलोई, दिल्ली में रहती हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बेटी के साथ मारपीट करते थे। इसको लेकर कई बार लोगों की मौजूदगी में पंचायत भी हो चुकी है। ससुराल पक्ष ने 5 नवंबर को फोन कर बताया कि बेटी ने 27 अक्तूबर को दवा लेने घर से निकली थी। इसके बाद नहीं लौटी। थानाध्यक्ष बलराज भाटी का कहना है कि युवती अक्सर बीमारी के कारण दिल्ली दवा लेने जाती थी। इस बार भी वह दिल्ली गई थी और किसी गार्ड के फोन से दिल्ली पहुंचने की सूचना भी दी थी। इसके बाद वह लापता है। थानाध्यक्ष ने तहरीर मिलने से इन्कार किया है और कहा कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद