गमगीन बड़े भाई लालेंद्र को संभालते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
मां गीता की मौत के बाद तुम्हें अपने बच्चे की तरह पाला। तुम इतने कमजोर तो नहीं थे कि इस तरह का कदम उठा लिया। तुम्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था... हम पापा को क्या जवाब देंगे। मैनें तुम्हें डॉक्टर बनने के लिए कानपुर भेजा था अब अर्थी लेकर जा रहा हूं.... अगले साल तो तुम्हारी पढ़ाई पूरी होने वाली थी। तुम नौकरी पाने वाले थे। जब फोन पर पिता ब्रजकिशोर से बात की तो उसके बाद ऐसे क्या हो गया कि चटपट इतना बड़ा कदम उठा लिया। घर में बदहवास वृद्ध पिता को कैसे संभालूंगा। यह बातें रविवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे चित्रकूट के कर्वी के थाना पहाड़ी के गांव बछरन निवासी छात्र शैलेंद्र कुमार गुप्ता के बड़े भाई लालेंद्र गुप्ता ने कहीं।
शैलेन्द्र की घटना की जानकारी देते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
आत्महत्या में जांच की मांग
बिठूर थाना क्षेत्र के बगदौधी बांगर नई बस्ती के निजी हॉस्टल में रहकर छात्र शैलेंद्र कुमार गुप्ता रामा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में बीएमएस तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। कई विषय में बैक लगने पर उसने शनिवार सुबह फंदा लगा जान दी थी। छात्र शैलेंद्र की आत्महत्या में परिक्रमा रोड चित्रकूट निवासी भांजे संदीप गुप्ता ने संदेह जता जांच की मांग की है। संदीप ने कहा कि करीब 11 बजे मामा शैलेंद्र ने लालेंद्र, पिता ब्रजनरायन से बात की थी।
छात्र शैलेन्द्र कुमार गुप्ता की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
तब कहीं भी नकारात्मक बात सामने नहीं आई थी। उसका दरवाजा भी खुला था। बताया जल्द तहरीर देने बिठूर थाने आएंगे। बिठूर थाना प्रभारी प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मोबाइल सील किया है। मोबाइल डिटेल से घटना का सटीक कारण पता चलने की संभावना है।