कानपुर। किदवईनगर में साइबर अपराधियों ने मेडिकल स्टोर संचालक अमरनाथ शुक्ला का की-पैड मोबाइल चोरी कर उनके बैंक खाते से 1.52 लाख रुपये उड़ा लिए। एक महीने बाद पासबुक अपडेट करने के दौरान इसका पता चला। व्यापारी न्याय के लिए नौबस्ता थाने का चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी से न्याय की गुहार लगाई है।
किदवईनगर एच ब्लॉक निवासी अमरनाथ शुक्ला का यशोदानगर चौराहे के पास मेडिकल स्टोर है। 11 अगस्त को दुकान पर युवक आया। उनका मोबाइल चोरी करके ले गया। उन्होंने पुराना मोबाइल चोरी होने का सोचकर नया सिम ले लिया। स्मार्ट फोन में डालकर उसे इस्तेमाल करने लगे। आठ सितंबर को पीएनबी बैंक खाते से 1.52 लाख रुपये निकलने की जानकारी हुई। बैंक के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी ऑनलाइन सूचना दी।
खाते से पांच लाख से कम राशि जाने की वजह से मामले को संबंधित जोन के साइबर क्राइम सेल में ट्रांसफर कर दिया गया। तब से एफआईआर कराने के लिए परेशान हैं। डीसीपी ने मामले की जांच कराकर एफआईआर दर्ज कराने का आश्वासन दिया।