राजपुर। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण ग्रामीण इलाकों में संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। पिछले दो दिन से राजपुर ब्लॉक के गुरदही बुजुर्ग में खसरा की चपेट में आकर सात लोग बीमार हैं। शुक्रवार को गांव पहुंची टीम ने बच्चों समेत एक युवती को दवा दी। टीकाकरण भी कराया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन के निरीक्षक शिवनरेश सिंह ने स्वास्थ्य टीम के साथ कई बच्चों को टीकाकरण कराया। आरबीएसके टीम के चिकित्सक डॉ. आशीष मिश्रा ने ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने, उबला पानी पीने तथा लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की बात कही। गांव के रामफल, सर्वेश कुमार, राम-जानकी, वेदप्रकाश, अमरपाल ने स्वास्थ्य टीम को बताया कि एक सप्ताह से बीमारी फैली है। पहले बुखार आया उसके बाद शरीर में दाने और चकत्ते हो गए। स्वास्थ्य टीम में बीमारी से बचाव के लिए चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। स्वास्थ्य टीम में डॉ. आकांक्षा मिश्रा, फार्मासिस्ट सुरेश शुक्ला, एएनएम पारुल, एलटी अजीत पाल मौजूद रहे।