रनियां। कानपुर से अकबरपुर की ओर आ रहे तीन युवकों की बाइक रनियां के पास ओवरटेक करने के दौरान ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मूसानगर कस्बे की सब्जी मंडी निवासी अभय (24) पुत्र रामचंद्र अपने साथी शिवम (25) पुत्र छुन्नालाल निवासी दया का पुरवा, झींझक तथा शिवम के भांजे सिद्धू (20) पुत्र योगेश निवासी दलेलनगर, पुखरायां के साथ बाइक से पुखरायां जा रहे थे। कुंदनपुर गांव के सामने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अकबरपुर भेजा, जहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। अभय और सिद्धू का उपचार चल रहा है।
घायल अभय ने बताया कि वह कानपुर के कल्याणपुर में रहकर पढ़ाई करता है जबकि शिवम लखनऊ स्थित एकेटीयू से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। अनहोनी पर परिजन बिलखते रहे। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।