भारतीय मजदूर संघ के 18वें त्रैवार्षिक अधिवेशन में मंगलवार को राष्ट्रीय संगठन मंत्री केसी मिश्रा ने मजदूरों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन को ताकतवर बनाने के लिए हमें हमेशा गैरराजनीतिक होना होगा। राजनीति के भाषण तो हम सुनते ही हैं इससे हम मजदूरों का कुछ भी भला नहीं होने वाला।
कानपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म इंटर कालेज नवागंज में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन वक्ताओं ने मजदूरों का सामाजिक और आर्थिक सुधार करने के लिए संघर्षरत रहने की बात भी कही गई। इस दौरान बताया गया कि महिला श्रमिकों के लिए टेक्सटाइल और अपैरल पार्क के लिए 6 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था सरकार ने की है। सोमवार को इसी कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बंडारू दत्तात्रेय ने संगठित और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के की स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा दिया था।
अधिवेशन के दूसरे दिन मंगलवार को सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि श्रमिक हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। प्रस्तावों के समर्थन में जिला स्तर पर 22 और 23 जून को आंदोलन होगा। इस दौरान उन्होंने ‘राज कृष्ण भगत - जीवन दर्शन’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।
भारतीय मजदूर संघ के मुखपत्र ‘विश्वकर्मा संकेत’ के बारे में चर्चा करते हुए संगठन के मंत्री सुखदेव मिश्रा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए जा रहे कार्यक्रमों का प्रकाशन होना चाहिए। मुखपत्र अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की भी बात कही। दूसरे सत्र में संगठन मंत्री कृष्ण चंद्र मिश्रा ने 60 वर्ष की चुनौतियों और उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि जो कभी हमारा उपहास उड़ाते थे, आज हमारे नेतृत्व में काम करने को ललियाते हैं। इसी सत्र में सभी प्रदेशों की अपनी-अपनी बैठक में श्रमिकों से जुड़े मुद्दे पर चर्चा की गई। इसमें मंत्री गोकुलानंद जैन, डॉ. बसंत कुमार राय ने भी अपने विचार रखे।
तीसरे सत्र में सभी 44 महासंघों की बैठक उनके प्रभारियों ने ली। इसमें कुछ महासंघों ने जैसे आर्डनेंस में नॉनकोर का मामला, सार्वजनिक क्षेत्र के लिए प्रत्येक 05 वर्ष पर वेतन पुनर्निरीक्षण, इंजीनियरिंग एवं पेपर, शुगर मिल के लिए वेज बोर्ड के गठन का प्रस्ताव पारित किया।
राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यक्रम रद्द
स्वास्थ्य खराब होने के चलते अधिवेशन के तीसरे दिन प्रमुख वक्ता के रूप में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम नही आएंगी। स्वास्थ्य खराब होने के चलते उनका कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। अब उनकी जगह संगठन की महिला पदाधिकारी महिलाओं को संबोधित करेंगी।