कानपुर के गोविंद नगर चावला मार्केट चौराहे से परमपुरवा जाने वाली रोड पर बारिश के बाद भीषण जलभराव ?
कानपुर। कानपुर व आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को 54.6 मिलीमीटर प्री मानसूनी बारिश रिकॉर्ड की गई। एक दिन पहले शुक्रवार को भी रात में करीब 8 मिलीमीटर बारिश हुई थी। प्री मानसून की इस पहली बारिश ने पिछले 43 वर्षों में मई महीने में हुई बरसात के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इससे पहले मई 1977 में 46.6 मिमी बारिश हुई थी। स्थानीय मौसम विभाग के पास फिलहाल बारिश का इतना ही रिकॉर्ड है। मौसम विभाग के अनुसार एक जून तक बादलों के बीच धूप तथा तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
शनिवार को अधिकतम तापमान एक दिन पहले की अपेक्षा दो डिग्री कम होकर 34 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री गिरावट के साथ 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के बाद अधिकतम पारा के करीब 5 फीसदी लुढ़कने की संभावना जताई गई। इससे लोगोें को गर्मी से काफी काफी राहत मिली।
उमस बढ़ने से झमाझम बारिश
कानपुर। पिछले तीन दिनों में हवा की नमी (उमस) में 36 प्रतिशत का इजाफा होने से झमाझम बारिश हुई। 27 मई को हवा में अधिकतम नमी 34 प्रतिशत थी, जो 30 मई को बढ़कर 70 फीसदी हो गई। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. नौशाद खान के अनुसार वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से हवा के साथ रिएक्शन होता है। इससे बारिश की संभावना बढ़ जाती है। महानगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से हवा के कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा था। इसी के चलते शनिवार को जोरदार बारिश रिकार्ड हुई।
पिछले वर्षों में मई महीने में हुई बारिश
वर्ष 2019 में 3.2 मिमी
2018 में 9.4 मिमी
2017 में 5.7 मिमी
2016 में 0.0 मिमी
2015 में 3.1 मिमी
2014 में 4.4 मिमी
2013 में 10.2 मिमी
2012 में 3.0 मिमी
2011 में 7.5 मिमी
2010 में 8.6 मिमी
2009 में 7.8 मिमी
2008 में 3.0 मिमी
1977 में 46.6 मिमी।