रणजी ट्रॉफी लीग राउंड के ग्रुप बी का छठवां मैच यूपी और तमिलनाडु के बीच रविवार से ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। ग्रुप बी में तमिलनाडु 16 अंक हासिल कर पांचवें स्थान पर है, जबकि तमिलनाडु से दो अंक पीछे यूपी 14 अंक के साथ छठवें स्थान पर है।
यूपी की टीम तमिलनाडु को शिकस्त देकर ऊपर पहुंचने की कोशिश करेगी तो तमिलनाडु की टीम यूपी को उसके होम ग्राउंड पर हराना चाहेगी। उधर, शनिवार को भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने नेट पर जमकर अभ्यास किया। फास्ट और स्पिनर बॉलरों ने खासी मशक्कत की।
तमिलनाडु टीम के कप्तान अभिनव मुकुंद ने दावा किया कि ग्रीनपार्क की पिच पर सुबह नमी कम रहती है। ऐसे में स्पिनर ज्यादा मददगार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव अप्रोच के साथ हम खेलेंगे। ग्रीनपार्क के हालात बैटिंग के लिए काफी मुफीद हैं। हमारे बल्लेबाज स्पिनरों को भी खेल सकते हैं।
यूपी टीम के कप्तान सुरेश रैना ने दावा किया कि उनकी टीम को होम ग्राउंड का सपोर्ट मिलेगा। टीम में कई खिलाड़ी युवा हैं, जो अच्छी परफॉर्मेंस दे रहे हैं। उन्होंने कहा पिछले महीने साउथ अफ्रीका के साथ वह इंडिया टीम में खेल चुके हैं। यहां की पिच काफी ग्रीन है। जो सीमर्स के साथ-साथ स्पिन बॉलरों को भी सपोर्ट करती है। उन्होंने कहा कि यह मैच पूरी क्षमता के साथ खेलेंगे और यूपी टीम को ऊपर ले जाएंगे।