महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिलसहरी बुजुर्ग गांव के पास शनिवार रात करीब दस बजे नारायण दीप केमिकल एंड लैब्स मोबिल ऑयल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया जिससे पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। गोदाम के पास धान काट रहे किसानों ने बिना देर किए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जिसके बाद जाजमऊ फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
फायर स्टेशन प्रभारी राहुल नंदन ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम रवाना हो गई थी और आग पर काबू पाने के लिए करीब दो घंटे कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है और नुकसान का आकलन मालिक के न मिलने की वजह से नहीं हो पाया है। गोदाम के मालिक को सूचना दे दी गई है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। घटना की जानकारी मिलते स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।