पीड़ित परिवार की पुलिस से नोकझोंक हो गई
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में आवास विकास कॉलोनी स्थित नर्सिंगहोम में गुरुवार आधी रात के बाद तीसरी मंजिल पर राजमिस्त्री ठेकेदार का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाकर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पंचनामा भरने को लेकर पुलिस से धक्कामुक्की हो गई।
परिजनों ने वहां से शव उठाकर नर्सिंगहोम के सामने रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के दबाव बनाने पर भीड़ उग्र हो गई और नर्सिंगहोम पर पथराव का प्रयास किया। मृतक के भाई ने डॉक्टर सहित दो लोगों के खिलाफ हत्या व एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला नगला राजन भोलेपुर निवासी राजमिस्त्री सुनील जाटव (50) आवास विकास स्थित नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. प्रदीप कुमार टोप्पो के नर्सिंगहोम का ठेके पर निर्माण करा रहा था। गुरुवार रात तीसरी मंजिल पर लेंटर डाला जा रहा था। रात करीब तीन बजे नर्सिंगहोम कर्मचारी सैफ छत पर मौरंग देखने गया। निर्माणाधीन कमरे में सुुनील को फंदे से लटका देख उसने शोर मचा दिया।
साजिशन हत्या कर शव लटकाने का आरोप
सूचना पर यूपी-100, कोतवाली पुलिस, फारेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच कर शव उतरवाकर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। सुबह पंचनामा की तैयारी चल रही थी। तभी पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर पुलिस से नोकझोंक हो गई।
पुलिस कर्मियों ने अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। तभी परिजन शव उठाकर चल दिए। पुलिस ने रोकने को छीनाझपटी की तो नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। नर्सिंगहोम के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। तब तक नर्सिंगहोम कर्मचारी ताला लगाकर भाग चुके थे। परिजनों ने बताया कि सुनील के पास निर्माण का ठेका था। डा.प्रदीप कुमार पर मजदूरी के एक लाख रुपये बकाया थे। भुगतान न करना पड़े इसलिए साजिशन हत्या कर शव लटका दिया गया। जब वह लोग मौके पर आए तो शव जमीन पर रखा था।
इस पर पुलिस बैकफुट पर आ गई
सड़क पर वाहन फंसते देख शहर कोतवाल ने सख्ती की तो भीड़ उग्र हो गई और महिलाओं ने नर्सिंगहोम पर पथराव करने की कोशिश की। इस पर पुलिस बैकफुट पर आ गई। शहर कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और शव लोहिया अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया।
पंचनामे की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम को भेजा। अमर सिंह ने भाई सुुनील कुमार की हत्या करने का डा. प्रदीप कुमार टोपो व एक अज्ञात पर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की विवेचना सीओ सिटी करेंगे। राजमिस्त्री के बेटी उपासना व रितु है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम डा. मोहम्मद आरिफ व डा. सोमेश अग्निहोत्री के पैनल किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगने से श्वांस नली का अवरुद्ध होना बताया गया है।