चित्रकूट में चार दिन पहले मायके से ससुराल आई विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। मायके पक्ष के लोगों ने मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला की शादी चार साल पहले हुई थी और उसके कोई संतान नहीं थी।
राजापुर क्षेत्र के करौंदीकला गांव निवासी मंजू पाल (22) की शादी 2016 में रैपुरा क्षेत्र के लोधौरा गांव के लालबहादुर के साथ हुई थी। लालबहादुर ने बताया कि होली के पहले पत्नी अपने भाई के साथ अपने घर गई थी। चार दिन पूर्व वह पत्नी को विदा कराकर लाया था।
शनिवार की देर शाम मंजू घर पर अकेली थीं, जबकि अन्य लोग खेत में फसल काटने गए थे। देर शाम जब पति खेत से घर लौटा तो कमरा अंदर से बंद था। कुंडी खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो लालबहादुर ने खिड़की से अंदर झांककर देखा।
मंजू का शव कमरे की छत से फंदे से लटका था। सूचना पर पहुंचे मंजू के पिता रामबहादुर और चचेरे भाई जयनारायण ने आरोप लगाया कि मंजू को उसके पति और अन्य परिजनों ने मारकर फांसी पर लटका दिया।
पिता ने बताया कि मंजू ने मरने से पूर्व मायके में फोन से बात भी की थी। उधर, रैपुरा एसओ रमेशचंद्र ने बताया कि पुलिस टीम गांव भेजी गई है। अभी थाने में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।