कानपुर देहात। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। यहां जिलाधिकारी कपिल सिंह ने पहुंच कर किसानों की समस्याएं सुनीं। सिंचाई, फसल उत्पादन में आ रही समस्याओं को किसानों ने बताया। इस पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
किसान दिवस में पहुंचे कुंदनपुर रनियां के प्रगतिशील कृषक सुंदर सिंह ने बताया कि उनके द्वारा सब्जियों, मछली उत्पादन एवं मुर्गी पालन का कार्य किया जा रहा है। वह कृषक उत्पादक संगठन बनाना चाहते है। इस पर उपस्थित उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने कहा कि कृषक उत्पादक संगठन बनाने के लिए कम से कम 10 सदस्य बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के रूप में नामित होना अनिवार्य है तथा रजिस्टार ऑफ कंपनी एवं सोसाइटी एक्ट 2013 के तहत पंजीकृत होना चाहिए। पंजीकरण के लिए इच्छुक समूह निर्धारित फीस कानपुर नगर स्थित कार्यालय में जमा कर अपना पंजीकरण करा सकते है।
वहीं, ग्राम पतरासड़वा, सरवनखेडा के प्रगतिशील कृषक डाॅ. बाबू मिश्रा द्वारा विद्युत आपूर्ति में समस्या होने के कारण फसल सिंचाई में आ रही समस्या बताई। कहा कि फसलें प्रभावित होती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए। कृषक बाबू सिंह ने जिलाधिकारी को बताया कि वह आम का बाग लगाना चाहते हैं। जिस पर जिला उद्यान अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि आप बागवानी मिशन योजना के तहत लाभ उठा कर फलों के बाग व सब्जियों की खेती कर सकते है। जिला उद्यान अधिकारी ने ड्रिप इरीगेशन से होने वाले लाभों की जानकारी किसानों को दी। यहां सीडीओ विधान जायसवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत मौर्य समेत अन्य अधिकारी रही।