उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद में चार छात्रों के अपहरण के आरोपी मनोज की शादी समारोह में हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका के भाई और दोस्त को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने नशे की हालत में जूते के फीते से गला घोंट कर हत्या की थी।
कायमगंज के मोहल्ला पाठक नई कालोनी निवासी शिक्षामित्र रामनरेश का पुत्र मनोज 26 जनवरी को 4 छात्रों के अपहरण के आरोप में जेल चला गया था। 8 मई को मनोज जमानत पर छूट कर आया था। 9 मई की रात शिवाला भवन परिसर में एक शादी समारोह में गया था। वहां उसकी प्रेेमिका व उसका भाई (किशोर), मनोज का दोस्त रजनेश भी गया था। सभी ने छत पर बैठकर शराब पी थी।
प्रेमिका के भाई ने जूते का फीता खोला और गला घोंट दिया
इसी दौरान कोल्ड ड्रिंक में मनोज को नशीली गोलियां मिलाकर पिला दी थी। जब मनोज बेहोश हो गया, तब प्रेमिका का भाई (किशोर) व रजनेश वहां पहुंचा। प्रेमिका के भाई ने अपने जूते का फीता खोला और फंदा डालकर दोनों ने मनोज का गला घोंट दिया।
सुबह जब मनोज को मृत हालत में देखा गया तो उसका दोस्त रजनेश व प्रेमिका का भाई (किशोर) वहां पहुंचा और अनजान बनकर कहा कि पता नहीं क्या हो गया। प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह, इंस्पेक्टर राधेश्याम, एसआई नरसिंह ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल किए गए जूते के फीते बरामद कर लिए हैं।
दोनों ने पिछली बातें भुलाने को कहा और दोनों ने उसके पैर छुए
जेल जाने के बाद मनोज की प्रेमिका से रजनेश के संबंध हो गए थे। जब यह जानकारी मनोज को मिली तो वह गुस्से से तिलमिला गया था। उसने जेल से ही रजनेश को जान से मारने की धमकी दी थी। इससे रजनेश दहशत में था कि शातिर मनोज कहीं उसकी हत्या न कर दे। इसलिए उसने प्रेमिका के भाई से मिलकर मनोज की हत्या का प्लान बना लिया था।
मनोज के जेल से आने के बाद जब रजनेश व प्रेमिका के भाई से शादी समारोह में मुलाकात हुई तो दोनों ने पिछली बातें भुलाने को कहा और दोनों ने उसके पैर छुए। किशोर को भी बहन से मनोज का मिलना जुलना न नागवार गुजरता था। एक साल पहले मनोज से किशोर की मारपीट भी हुई थी।