कानपुर देहात। मंगलपुर-असवी की एक लेन चौड़ी करीब सात किमी सड़क अब दो लेन होगी। चौड़ीकरण की मंजूरी मिली है। करीब 11.41 करोड़ रुपये से यह काम होगा। इससे करीब 10 गांवों के करीब 25 हजार आबादी को आवाजाही में सहूलियत होगी।
मंगलपुर-असवी मार्ग अन्य जिला मार्ग के अन्तर्गत आता है। यह मार्ग करीब सात किलोमीटर लंबाई में एक लेन है, जबकि इस मार्ग पर यातायात भार अधिक है। संकरे मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों के आने पर ओवरटेक में परेशानी होती है। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल ने इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पिछले दिनों दिया था। इसपर लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की ओर से चौड़ीकरण का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल किया गया था। अब इसकी मंजूरी मिल गई है। अब ठेकेदार चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। एक्सईएन प्रांतीय खंड सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मंगलपुर-असवी मार्ग की सड़क चौड़ीकरण में 11.41 करोड़ रुपये खर्च आएगा। ठेकेदार चयन की प्रक्रिया की जा रही है।
..................
इन गांवों के लोगों को होगी सहूलियत
मंगलपुर-असवी मार्ग से जरहौली, परहौली, लाड़पुर छिवना, असवी, नया का पुरवा, किशनपुर, सबलपुर, सिकहिला व सोधेपुर समेत जुड़े करीब 10 गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। इसी मार्ग से सोधेमऊ असवी होकर लोग औरैया आवागमन करते हैं।