कानपुर। दोनों समितियां निरस्त किए जाने के बाद बेनाझाबर में बृजेंद्र स्वरूप पार्क स्थित मंगल भवन अब नगर निगम ने अपने हैंडओवर में ले लिया है। इसकी सभी व्यवस्थाएं अब नगर निगम का संपत्ति विभाग संभालेगा। विभाग प्रभारी अनुपम त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में यहां नगर निगम की ओर से एक सुपरवाइजर और चार सफाई कर्मियों की तैनाती थी। अब दोनों समितियां भंग होने के बाद इसमें बदलाव किया जाएगा। एक सुपरवाइजर और चार सफाई कर्मियों के साथ ही स्टाफ में जरूरत के हिसाब से वृद्धि की जाएगी।
मंडलायुक्त के निर्देश पर गठित जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि सीएसआर फंड के तहत बनी कोई भी योजना कार्य पूरा होने के बाद संबंधित संस्था को हैंडओवर की जाती है। मंगल भवन जरूरतमंदों के लिए लाभकारी है पर समितियां बनाना गलत था क्योंकि इसमें बाहरी लोगों को शामिल किया गया था। जांच समिति के रिपोर्ट के बाद ही समितियां भंग की गई है। -अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त