मंधना से बिठूर तक बड़ी लाइन का रेलमार्ग मार्च से शुरू हो जाएगा। रविवार को मंधना स्टेशन से बिठूर की ओर तक 15 मीटर रेलमार्ग बिछा दिया गया। स्लीपर से ट्रैक को फिश प्लेटों और पैंड्रॉल क्लिप से जकड़ दिया गया है। मार्च में काम पूरा हो जाएगा और इसके यहां पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। अभी तक मंधना-बिठूर के बीच साढ़े आठ किलोमीटर तक ट्रैक बंद चल रहा है। पटरियों के बिछाने का काम शुरू होने पर इलाकाई लोगों ने खुशी जताई है। बिठूर ब्रह्मावर्त कल्याण समिति के अध्यक्ष सूबेदार पांडेय, श्रीकांत त्रिपाठी ओर रामरतन दुबे ने मजदूरों को मिठाइयां खिलाईं।
रेलखंड पर छोटे बड़े 15 रेलवे पुल
मंधना-बिठूर रेलमार्ग पर छोटे बड़े 15 रेलवे पुल बनाए गए हैं। इसमें चौधरीपुर के पास बड़ा ब्रिज और बाकी नहरों और नालों पर बने 14 छोटे पुल हैं। इन पुलों को बनाने की लागत करीब नौ करोड़ रुपये आई है। सभी पुल बन चुके हैं। जबकि चौधरीपुर आरओबी का काम 85 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। मार्च के महीने से पौराणिक महत्व की तीर्थ नगरी बिठूर में दर्शनार्थी और टूरिस्ट ट्रेन से आ जा सकेंगे। बिठूर के मोहम्मदपुर गांव के पास रेलवे स्टेशन बना है, यहीं से ट्रेनों का संचालन होगा और टिकट काउंटर बनेंगे। बिठूर के ब्रह्मावर्त रेलवे स्टेशन पर गाड़ियों का सिर्फ ठहराव होगा। चौबपुर मैनावती मार्ग पर 400 मीटर का अंडरग्राउंड सबवे भी रेलवे बनाएगा।