गर्लफ्रेंड के बातचीत बंद करने से मानसिक तनाव में आए 21 वर्षीय युवक ने बुधवार रात डाई पीकर आत्महत्या की कोशिश का वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। मेटा कंपनी से मिले अलर्ट पर पुलिस मुख्यालय लखनऊ ने कानपुर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ककवन थाने की टीम 12 मिनट में युवक के घर पहुंच गई। कमरे में बेसुध मिले युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई।
ककवन थाना क्षेत्र निवासी युवक पशु फार्म में मजदूरी करता है। पुलिस के मुताबिक, वह एक युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। अचानक युवती ने बातचीत बंद कर दी तो वह तनाव में आ गया। इसी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
रात 10:23 बजे मेटा ने पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल से अलर्ट भेजा। डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर सेंटर की टीम ने मेटा से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस कर कानपुर पुलिस को सूचना दी। ककवन थाने के उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, अमित सहाय और आरक्षी अनिल गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर परिजन को पोस्ट की जानकारी दी और युवक को अस्पताल पहुंचाया। होश आने पर उसने पुलिस को अपनी परेशानी बताई।