घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस एवं रोते बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
औरैया के गांव जनेतपुर धौरेरा में शुक्रवार की सुबह मात्र डेढ़ बीघा जमीन के लालच में भतीजे ने चाचा की धारदार हथियार (बांका) मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी खून से सना बांका लेकर कोतवाली पहुंच गया। वहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गांव जनेतपुर धौरेरा में शुक्रवार की सुबह गांव जनेतपुर धौरेरा में सरमन लाल (40) पुत्र रामसिंह अपने घर से थोड़ी ही दूर पर तालाब के पास बैठा था। वहां पहुंचे उसके भतीजे अजीत उर्फ पिच्ची लाल पुत्र बलवंत सिंह से डेढ़ बीघा जमीन को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर भतीजे अजीत ने बांका से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
इससे सरमन लाल लहूलुहान होकर गिर गया और थोड़ी देर छटपटाने के बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गांव वालों ने यूपी डायल 100 पुलिस को सूचना दी। कोतवाली इंस्पेक्टर आलोक कुमार दुबे, सीओ सिटी श्यौदान सिंह मौके पर पहुंच गए। एसपी सुनीति भी मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस गांव में जिस समय घटनास्थल पर जांच में जुटी थी। इसी बीच हत्यारोपी भतीजा खून से सना बांका लेकर कोतवाली पहुंच गया। खून से सना बांका लिए युवक को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी भौच्चके रह गए।
हत्यारोपी ने मौजूद पुलिस कर्मियों को अपने चाचा की हत्या करने की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इस संबंध में एसपी सुनीति का कहना है कि हत्यारोपी अजीत अपने चाचा की हत्या कर भाग रहा था। पुलिस ने उसे गांव के बाहर से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया है।