दिल्ली से नौ वर्षीय बालिका को अगवा करके संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से महोबा आ रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बालिका को मुक्त करा लिया है। दिल्ली के बुद्ध विहार फेस-1 विजय विहार निवासी सुनील की नौ वर्षीय पुत्री सीता लापता हो गई।
जानकारी करने पर पता चला कि दिल्ली में रहकर काम करने वाला कमलेश पुत्र मानसिंह निवासी ग्राम बिलखी जनपद महोबा उसे अगवा कर ले गया है। तब पिता ने थाना विजय विहार दिल्ली में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। दिल्ली पुलिस ने जीआरपी एसपी झांसी व महोबा पुलिस अधीक्षक को सूचना दी।
कंट्रोल रूम झांसी से सूचना मिली कि आरोपी बालिका के साथ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से आ रहा। सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष अनुराग अवस्थी पुलिस फोर्स के साथ चेकिंग में जुट गए। ट्रेन रुकते ही उतरी सवारियों की चेकिंग की। प्लेटफार्म नंबर एक से आरोपी कमलेश को पकड़कर पुलिस ने बालिका को मुक्त कराया।
सूचना पर विजयपुर थाना दिल्ली के एसआई विशाल गुप्ता टीम के साथ जीआरपी थाना पहुंचे। जहां आरोपी और बालिका को उनके सुपुर्द कर दिया गया। एसआई ने बताया कि बच्ची के अपहरण के संबंध में विजय विहार थाने में मुकदमा दर्ज है। अपहरण के पीछे युवक का क्या मकसद था, इसकी पूछताछ की जाएगी।