फर्रुखाबाद में जमीन की रंजिश में साढ़ूू ने खुड़ना खार गांव के सामने बाइक से आ रहे युवक को घेरकर गोली मार दी। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से भी रेफर कर दिया गया।
घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव अल्लाहपुर निवासी सुरेंद्र उर्फ मास्टर सिंह ने अपने भाई राजू के साढ़ूू अशोक, जितेंद्र, एक अज्ञात निवासी मंगलीपुर कोतवाली कायमगंज के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया।
इसमें बताया कि भाई राजू अपनी ससुराल जैतपुर थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर में ही शादी के बाद से रह रहा था। वह रविवार को बाइक से गांव अल्लाहपुर आ रहा था। जब वह शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव खुढ़ना खार के सामने पहुंचा तभी पहले से घात लगाकर बैठे साढ़ूू अशोक, उसके साथी जितेंद्र व एक अज्ञात युवक ने घेर लिया और उसे गोली मार दी। गोली बांह में लगने से राजू घायल हो गया।
हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसओ रामबाबू व सीओ कायमगंज अखिलेश राय मौके पर आए। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से राजू को लोहिया रेफर कर दिया गया। लोहिया में राजू की हालत गंभीर देख कर डाक्टर ने रेफर कर दिया। भाई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छोटे भाई राजू की साढ़ूू अशोक से जमीन की रंजिश चल रही है।
दोनों लोग ससुराल में ही रहते हैं। राजू की सास ज्ञान देवी ने दस बीघा जमीन अशोक के नाम कर दी थी। तभी से राजू और अशोक में जमीन की रंजिश है। एसओ रामबाबू ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है, शीघ्र ही आरोपी पकड़े जाएंगे।
दिनदहाड़े हुई घटना से मचा हड़कंप
शमसाबाद। युवक राजू को दिनदहाड़े हमलावरों ने गोली मार दी। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे सीओ अखिलेश राय ने सिपाहियों को फटकार लगाकर भीड़ को हटाने के निर्देश दिया। सिपाहियों ने घटनास्थल से भीड़ को पीछे हटाया। मौके पर राजू की बाइक खड़ी थी और वहां खून भी पड़ा था।