कानपुर। विदेश में अच्छी नौकरी के लिए 10वीं के शैक्षणिक प्रमाणपत्र लगाकर दूसरा पासपोर्ट बनवाना एक युवक को भारी पड़ गया। पासपोर्ट ऑफिस की जांच में फर्जीवाड़ा खुला। विभागीय कर्मचारी की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर सोमवार को उसे गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने बताया कि छोटे मियां का हाता निवासी अहमद अंसारी ने 2014 में पासपोर्ट बनवाया था। इसकी समय सीमा 23 अक्तूबर 2024 तक थी। जन्म तिथि 11 नवंबर 1987 अंकित थी। अहमद ने 27 फरवरी 2020 को दोबारा नया पासपोर्ट बनवा लिया। यह 26 फरवरी 2030 को समाप्त होना है। दोनों ही पासपोर्ट एक ही पते पर थे। पासपोर्ट कार्यालय की ओर से जांच में फर्जीवाड़ा खुला। वहां के कर्मचारी सुरेश चंद्र शर्मा ने एफआईआर दर्ज कराई। सोमवार को अहमद अंसारी को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 10वीं पास होने पर उसे विदेश में बेहतर नौकरी मिल सकती थी इसलिए उसने दोबारा पासपोर्ट बनवाया था।