कानपुर के बर्रा में शनिवार को सूदखोर से तंग आकर एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पिछले पांच दिनों से युवक लापता था। कई बार गुहार लगाने के बाद भी पुलिस ने न तो गुमशुदगी दर्ज की और न ही कोई कार्रवाई की।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। विसरा सुरक्षित किया गया है। बर्रा-7 निवासी अनिल शर्मा (45) एक प्रिंटिंग प्रेस में स्क्रीन पेंटिंग का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक 19 अगस्त को अनिल अचानक लापता हो गए थे।
वह अपना मोबाइल घर पर छोड़ गए थे। परिजनों ने जनता नगर चौकी में उनके लापता होने की जानकारी दी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शनिवार सुबह अनिल ने राहगीर के मोबाइल से अपने मोबाइल पर कॉल की। छोटे बेटे दिव्यांशु ने कॉल रिसीव की तो अनिल ने बताया कि डॉक्टर एके मिश्रा की क्लीनिक के पास वह हैं और जहर खा लिया है।
इसकी जानकारी दिव्यांशु परिजनों को दी। आनन-फानन में उनकी पत्नी संतोष, बेटे हिमांशु व दिव्यांशु व बेटी प्रियंका मौके पर पहुंचीं। अनिल को फौरन हैलट ले जाकर भर्ती कराया। कुछ ही घंटे बाद अनिल की मौत हो गई। बर्रा इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।