कानपुर के शिवराजपुर में सोमवती अमावस्या पर क्षेत्र के खेरेश्वर गंगा घाट पर स्नान करने गया युवक गहरे पानी में डूब गया। आसपास स्नान कर रहे लोगों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने डूब रहे युवक को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों ने जब तक युवक को सीएचसी भेजा तब तक उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर शव परिजनों का सौंप दिया। शिवराजपुर एसओ त्रदीप सिंह यादव ने बताया की उन्नाव जनपद के फतेहपुर चौरासी कस्बा के सुभाष नगर निवासी शनि (20) पुत्र पप्पू राठौर सोमवार को अपने दोस्तों के संग क्षेत्र के खेरेश्वर गंगा घाट पर स्नान करने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय शनि अचानक गहरे पानी में चला गया। आसपास नहा रहे लोगों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाई। काफी देर बाद युवक को खोज निकाला। तब तक पेट में अधिक पानी भर जाने से उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने शनि को सीएचसी भेजा। वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही, पर परिजन तैयार नहीं हुए। परिजनों के लिखित आश्वासन के बाद उन्हें शव घर ले जाने दिया गया।