पत्नी ने शराब पीने से मना किया तो युवक ने शराब के साथ जहर खा लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पैलानी थाना क्षेत्र के गांव खप्टिहा कलां निवासी शिवकरण कछवाह ने बताया कि उसके पुत्र शिव विजय सिंह कछवाह (36) ने दोपहर करीब तीन बजे गल्ला मंडी में शराब के ठेके से शराब लेकर उसमें जहर मिलाकर पी लिया।
इससे उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलने पर परिजन और पुलिस ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां शाम छह बजे उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिवकरण ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। घर में शराब पीने को लेकर उसका पत्नी घुंघरू से झगड़ा हो गया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। बताया कि उसका पुत्र धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेता था।