फांसी के फंदे पर झूलता मिला युवक का शव
- फोटो : social media
कन्नौज की छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के मनिकापुर गांव से 22 मई को लापता युवक का शव गांव के बाहर नदी किनारे पेड़ से झूलता मिला। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई ने तेजाब डालकर हत्या करने के बाद शव को लटकाए जाने का आरोप लगाया है। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी घटना की तहरीर नहीं दी गई है।
मनिकापुुर में गांव के बाहर काली नदी किनारे नीम के पेड़ से क्षत-विक्षत शव रस्सी-अंगौछा के फंदे से झूलता मिला। कुछ ही देर में यहां लोगों की भीड़ जुट गई। क्षेत्राधिकारी शेषमणि उपाध्याय व कोतवाल बलराम मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इस बीच वहां पहुंचे गांव के बबलू ने शव की शिनाख्त अपने लापता भाई सुग्रीव के रूप में की।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वह रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। इस बीच मृतक का भाई बबलू गश खाकर वहीं गिर पड़ा। उमस भरी भीषण गर्मी के कारण शव से उठ रही दुर्गंध से वहां खड़ा होना मुश्किल लग रहा था। मृतक के भाई बबलू ने तेजाब डालकर सुग्रीव की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।