हरदोई के पिहानी हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम नयागांव से रविवार से लापता प्लंबर का शव मंगलवार सुबह पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरेली के निकट टीले पर पड़ा मिला। पुलिस को जांच में प्रेम प्रसंग में हत्या कर शव फेंके जाने की बात पता चली है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर युवती और उसके माता-पिता के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि तहरीर में प्रेम प्रसंग का उल्लेख नहीं है।
हरियावां थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी संजीव (35) पुत्र सुंदरलाल हैंडपंप की मरम्मत और पाइप लाइन डालने का कार्य करता था। रविवार सुबह वह घर से बाइक से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। वापस घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह जरेली के ग्रामीणों ने गांव में ही ताल के पास स्थित टीले पर संजीव का शव पड़ा देखा तो चौकीदार को जानकारी दी।