कनपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद बैराज से गंगा में छलांग लगाने जा रहे युवक को पीआरवी 0431 के सिपाहियों ने दबोच लिया। छलांग लगाने से पहले उसने पुलिस कंंट्रोल रूम पर सूचना दिया था। पीआरवी के सिपाहियों की सक्रियता के चलते उसकी जान बच गई।
कल्याणपुर के आवास विकास, केशवपुरम निवासी प्राइवेटकर्मी अजीत कुमार ने दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर बताया कि वह अपनी पत्नी स्वाती की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर गंगा बैराज से आत्महत्या करने जा रहा है।
इसके बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। अजत की सूचना के बाद हरकत में आए पीआरवी के सिपाही मनोज कुमार, महिला सिपाही रत्ना ने कल्याणपुर पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसकी तलाश में निकल पड़े। पीआरवी के सिपाही मनोज ने बताया कि वह टीम संग जैसे ही गंगा बैराज पहुंचे तो उन्होंने देखा कि अजीत अपनी बाइक गंगा बैराज पर खड़ी कर गंगा में छलांग लगाने जा रहे थे।
ये देख उन्होंने अजीत को पीछे से दबोच लिया। पीआरवी के सिपाहियों ने उसे हिरासत में लेने के बाद कल्याणपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। अजीत को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।