फर्रुखाबाद जिले के शमसाबाद थाना क्षेत्र के खुडनाखार में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां हर कोई इस घटना से हैरान है। गांव वालों का कहना है कि एक युवक ने शराब के नशे में धुत होकर खुद को आग लगा ली। चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ कर युवक की जान बचाई।
युवक ने चाचा पर जबरन जमीन अपने नाम करने का आरोप लगाते हुए शराब पीने के बाद ख्रुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली। आनन फानन में ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर आग बुझाई। जिससे युवक बाल-बाल बच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शराबी युवक का मेडिकल कराकर शांतिभंग में चालान कर दिया। खुडनाखार निवासी मुन्नालाल की शादी हो चुकी है लेकिन उनके कोई औलाद नहीं है। मुन्नालाल के अनुसार उनका भतीजा अजीत कुमार पुत्र ब्रजभान उनकी जमीन अपने नाम कराने के लिए आए दिन दबाव बनाता है।
बुधवार को अजीत कुमार शराब पीकर आया और जमीन अपने नाम करने की बात मुन्नालाल से कही। मना करने पर अजीत ने कमरा बंद कर अपने ऊपर केरोसिन डालकर आग लगाने की धमकी दी। मुन्नालाल ने शोरशराबा किया तो ग्रामीण मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने अजीत को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। मुन्नालाल ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान अजीत ने आग लगा ली।
आनन फानन दरवाजा तोड़कर ग्रामीणों ने आग बुझा दी, जिससे अजीत बाल-बाल बच गया। पुलिस ने अजीत को गिरफ्तार कर लिया। एसओ जयंती प्रसाद ने बताया कि मेडिकल में अजीत शराब के नशे में मिला। मुन्नालाल ने बताया कि भतीजा अजीत आए दिन उसकी जमीन अपने नाम करने को दबाव डालता रहता है। अजीत के शराब पीने के चलते उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर मायके रह रही है।