उत्तर प्रदेश के हरदोई में सुरसा थाना क्षेत्र के पनुवापुर गांव में गुरुवार की रात युवक ने पहले पिता के साथ मारपीट की और बाद में पत्नी को कमरे में ले जाकर तबल (धारदार हथियार) से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पूछताछ में बार-बार बयान बदलते हुए आरोपी ने बताया कि सपने में देवी के कहने पर उसने पत्नी की बलि दी है। पनुवावर मजरा बल्लीपुर निवासी गिरवर गांव के बाहर अलग रहता है। उसका बेटा कमलेश और बहू कांति व बच्चे गांव में बने पुराने मकान में रहते हैं।
गुरुवार की रात कमलेश व कांति पिता के घर गए थे। देर रात कमलेश ने पिता गिरवर पर हमला बोल दिया। सहमा गिरवर घर से भाग गया। इसके बाद कमलेश ने पत्नी कांति (38) की तबल से वार कर हत्या कर दी। आरोपी पति रातभर शव के पास बैठा रहा। शुक्रवार की सुबह गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी पति को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। एसओ वीरेंद्र सिंह तोमर के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बार-बार बयान बदलते हुए बताया कि सपने में देवी के कहने पर उसने पत्नी की बलि दी है। मृतका के पिता रामकिशोर निवासी ग्राम चचरापुर सांडी की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति कमलेश को जेल भेज दिया गया।