कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र में कर्रही रोड के पास गुरुवार को लाइब्रेरी में बैठने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक युवक को घेरकर जमकर पीटा। आरोप है कि उसे कार से कुचलने की कोशिश की गई। तहरीर के अनुसार हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के गड़रियनपुर निवासी अमरजीत यादव का बेटा आशुतोष कर्रही रोड के पास स्थित लाइब्रेरी में पढ़ने गया था। आरोप है कि वहां बैठने को लेकर दो युवकों से उसका विवाद हो गया। दोनों ने उसे देख लेने की धमकी दी। दोपहर 3:27 बजे लाइब्रेरी से बाहर निकलते समय युवकों ने कई अन्य लड़कों की मदद से उसे घेर लिया और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, पैर, पीठ और कान में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने सफेद रंग की कार से उसे कुचलने की कोशिश की जिससे उसका पैर टूट गया। पीड़ित के अनुसार पूरी घटना लाइब्रेरी के सीसी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज पुलिस को सौंपा है। डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि आरोपों की जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। (संवाद)