फोटो: 17 फोटो 18
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू वार्ड बानाकर कर ली इतिश्री
जिला अस्पताल में प्रतिदिन बढ़ रहे बुखार के मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बरसात के साथ बदलते मौसम के साथ ही मच्छरों से फैलने वाली बीमारियां जोर पकड़ने लगी हैं। एक-दो मलेरिया के मरीज सामने आने लगे हैं तो वहीं डेंगू ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है। जिला अस्पतला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बुखार पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में शुक्रवार को कुल 1335 मरीज पहुंचे। इनमें से ज्यादातर बुखार पीड़ित थे। इनमें से 80 मरीजों का मलेरिया टेस्ट कराया गया जिसमें से दो की रिपोर्ट मलेरिया पॉजिटिव आई, जबकि 12 लोगों का डेंगू टेस्ट कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि अभी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव है। जिससे मच्छरों को प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ना तय है।
शहर के लाइनपार क्षेत्र के ज्यादातर मोहल्लों में एक सप्ताह पूर्व हुई बारिश के बाद अभी तक जलभराव है। इसी तरह से बकेवर, जसवंतनगर व चकरनगर क्षेत्र में भी जलभराव कई गांवों के लिए मुसीबत बना हुआ है। इस जलभराव से आने वाले दिनों में मच्छरों का संकट सामने आ जाएगा लेकिन इसके बाद न तो नगरपालिका इस और कोई ध्यान दे रही हैं और न ही नगर पंचायत ही इस खतरे को लेकर चिंतित हैं।
वहीं फॉगिंग का काम भी अभी ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। नगरपालिका ईओे विनय मणि त्रिपाठी ने बताया कि पालिका की ओर लगातार एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है। एक अक्तूबर से अभियान में तेजी लाई जाएगी।
वर्जन
जिला अस्पताल के डॉ. अजय शर्मा का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को मलेरिया और डेंगू के प्रति सावधान रहना चाहिए। गांव में ज्यादातर लोग बुखार को आम बीमारी मानकर मेडिकल स्टोर या झोलाछाप से दवाई लेने लगते हैं। ऐसे में यह गंभीर बीमार ठीक इलाज न मिलने से और भी गंभीर हो जाती है और मरीज की जान भी जा सकती है। इसके लिए जरूरी है कि किसी अच्छे डाक्टर के पास जाकर इलाज ले और डाक्टर की सलाह पर खून की जांच अवश्य कराएं।