कानपुर। महापौर प्रमिला पांडेय ने गुरुवार को कंपनीबाग से फूलबाग और जूही गोशाला तक मुख्य पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शिलान्यास किया। कार्य पूरा होने की डेडलाइन एक साल है। जल निगम ने इस कार्य के माध्यम से करीब 40 लाख शहरवासियों को भरपूर पानी उपलब्ध कराने का दावा किया।
जल निगम (नगरीय) गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) से फूलबाग इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) और जूही गोशाला आईपीएस तक लोहे के (एमएस) पाइपों से 14.39 किलोमीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन (राइजिंग मेन) बिछाएगा। कार्य की लागत 139.38 करोड़ रुपये है। जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार का दावा है कि इस पाइपलाइन के बिछने के बाद गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र को पूरा क्षमता से चलेगा। इसकी प्रतिदिन की क्षमता रोज 40 करोड़ लीटर है। वहां से शहर में बने तीन आईपीएस और 62 जोनल पंपिंग स्टेशनों (जेडपीएस) के माध्यम से शहर के घनी आबादी वाले मोहल्लों से लेकर पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्र के करीब 40 लाख लोगों को भरपूूर पानी मिल सकेगा।
दावा यह भी है कि मुख्य पाइपलाइन बिछने के बाद मुख्य मार्गों में पाइपलाइन में लीकेज नहीं होंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, पार्षद यशपाल सिंह, नीरज, अभिषेक गुप्ता, लक्ष्मी, सौरभ देव, राजकिशोर यादव, जल निगम के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र सिंह, सहायक अभियंता राहुल तिवारी, अवर अभियंता अनुराग, अनिल कुमार, योगेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।