अशोकनगर चौराहे के पास टूटी मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खोदा गड्ढा
- फोटो : संवाद
कानपुर। अशोकनगर चौराहे के पास मुख्य पाइपलाइन टूटने से बुधवार को आरकेनगर, हर्षनगर सहित आठ मोहल्लों में पानी की किल्लत रही। हालांकि जलकल विभाग ने टूटा पाइप जोड़ दिया। गुुरुवार से सामान्य रूप से पानी आपूर्ति का दावा किया। उधर, जूही बंबुरहिया में टैंकर से पानी भरने वालों की घंटों भीड़ लगी रही।
अशोकनगर चौराहे में शांति निकेतन स्वीट हाउस के पास 25 फरवरी को मुख्य पाइपलाइन टूटने से सड़क पर पानी बहने लगा था, जबकि अशोकनगर, हर्षनगर, आरकेनगर, बाबा सिंह ढाल, अस्सी फीट रोड सहित आसपास के मोहल्लों के करीब 30 हजार लोगों को पानी किल्लत होने लगी थी। जलकल विभाग ने बुधवार को गड्ढा खोदवाकर टूटी पाइपलाइन जुड़वाई।
जलकल विभाग जोन-4 के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि टूटा पाइप शाम को जोड़ दिया गया है। पानी आपूर्ति शुरू कर टेस्टिंग करने के बाद गड्ढा पाट दिया गया है। आसपास बैरिकेडिंग भी करा दी है। प्रभावित मोहल्लों में 27 फरवरी से सामान्य रूप से पानी की आपूर्ति होगी।
जूही बंबुरहिया में टैंकर से पानी भरने वालों की लगी लाइन
भूगर्भ जल प्रदूषित होने से प्रभावित जूही बम्बुरहिया में बुधवार को जलकल विभाग ने पानी के टैंकर भेजे। टैंकर पहुंचते ही पानी भरने वालों की भीड़ लग गई। क्षेत्रीय पार्षद शालू कनौजिया ने जलकल विभाग से की प्रदूषित पानी से बीमार लोगों के इलाज का खर्च देने की मांग की है।