महिला ने दो कारोबारियों को चोरी के जेवर बेचने की बात स्वीकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। शहर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी के मकान में नौकरानी ने अलमारी से जेवर चोरी कर लिए। वारदात कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। मामले की जानकारी होने पर नौकरानी ने चोरी की वारदात को कबूल किया है, साथ ही जिन दो सराफा कारोबारियों को जेवर बेचे हैं, उनका नाम भी बताया है। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर सराफा कारोबारियों से पूछताछ में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मकसूदपुरा मामा मिल निवासी प्रतिष्ठित व्यवसायी अतुल पोरवाल ने बताया कि उनके मकान में करीब दो साल से एक नौकरानी कर रही थी। मकान से दो तोले का मंगलसूत्र चोरी हो गया था। उन्हें जब नौकरानी पर आशंका हुई, तो उन्होंने कमरे में एक कैमरा छुपाकर लगा दिया, दोबारा एक जोड़ी कुंडल चोरी करने पर नौकरानी की वारदात कैमरे में कैद हो गई।
गुरुवार को नौकरानी को उसका वीडियो दिखाया, तब उसने चोरी की वारदात को कबूल करते हुए बताया कि, उसने शहर के दो सराफा कारोबारियों को जेवर बेच दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, पुलिस नौकरानी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। रात में पुलिस ने दोनों सराफा कारोबारियों को भी पूछताछ के लिए बुला लिया।
इनमें से एक सराफा कारोबारी ने पुलिस को शपथ पत्र दिखाया, उसका कहना था कि महिला ने उन्हें शपथ पत्र दिया था, इसमें महिला जेवर अपने बताए थे। कोतवाल विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सराफा कारोबारी ने शपथ पत्र देखकर जेवर लिए थे।