Mahoba News: महोबा में झांसी जा रही पैसेंजर ट्रेन के गेट से गुटका थूकते समय गिरकर एक युवक की मौत हो गई। संतुलन बिगड़ने से हुए इस हादसे ने चार साल के मासूम के सिर से पिता का साया छीन लिया है।
महोबा जिले के पनवाड़ी कस्बे में चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर गुटका थूकते समय गिरने से युवक की मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। शहर के मोहल्ला भटीपुरा निवासी चंद्रप्रकाश (36) मां सरोज और पिता जयपाल के साथ शुक्रवार को पैसेंजर ट्रेन से झांसी जा रहा था। तभी घुटई व कनकुआं के बीच युवक गुटका थूकने के लिए ट्रेन कोच के गेट पर गया।
विज्ञापन
इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से ट्रैक पर जा गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपी 112 पुलिस ने 108 नंबर एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया। वहां उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि चंद्रप्रकाश चार बेटों में तीसरे नंबर का था। चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। घटना से मृतक की पत्नी रेखा व चार वर्षीय बेटे रितिक का रो-रोकर बुरा हाल है।