महोबा जिले के ग्राम जुझार में बुधवार रात किसी बात को लेकर दंपति में विवाद हो गया। इससे नाराज पत्नी ने जहर खा लिया। पत्नी को अचेतावस्था में देखकर पति भी फांसी पर झूल गया। इससे दोनों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। ग्राम जुझार निवासी बबलू कहार (35) पुत्र लोचन मेहनत-मजदूरी का काम करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। अक्सर घर पर उसका पत्नी से विवाद होता था। बुधवार की देर शाम दोनों ने खाना खाया और इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
कहासुनी होने से नाराज पत्नी सीता (30) ने जहर खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पत्नी को अचेत अवस्था में देखकर बबलू ने मकान के कमरे में पंखे के छल्ले से रस्सी से फांसी पर झूल गया। इससे दोनों की मौत हो गई।
जब सुबह बच्चे जागे तो रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी व परिजन पहुंच गए। तब महिला जमीन पर मृत पड़ी थी, जबकि बबलू फांसी पर झूल रहा था। सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने परिजनों व ग्रामीणों से घटना के विषय में जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद दोनों ने यह कदम उठाया। पति की मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था, फिलहाल जांच कराई जा रही है।