टंकी के निर्माण पर खड़े हो रहे हैं सवाल
टेस्टिंग के एक दिन बाद ही टंकी में लीकेज से निर्माण कार्य की गुणवत्ता सामने आ गई। इससे जल जीवन मिशन के तहत तैयार की गई पानी की टंकी के निर्माण पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बता दें कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों को दुरुस्त न कराने व कई गांवों में पानी न पहुंचने की समस्या पर चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत व प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच हुई कहासुनी का मामला सुर्खियों में है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
ग्राम प्रधान गायत्री ने टंकी फटने के मामले की शिकायत डीएम गजल भारद्वाज व एडीएम नमामि गंगे से की है। आरोप लगाया कि टंकी निर्माण में बड़े स्तर पर सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने पानी की टंकी की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई
नगाराडांग के ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीण गौरी शंकर राजपूत, अशोक राजपूत, पप्पू साहू, मो. हकीम, सोनू, प्रदीप राजपूत आदि ने शासन-प्रशासन से टंकी निर्माण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं की गई, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त टंकी का पुनर्निर्माण मानक के अनुरूप कराए जाने व जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मैं भ्रष्टाचार के विरोध में लड़ाई लड़ रहा हूं। मामले में कार्रवाई होना चाहिए। -बृजभूषण राजपूत, भाजपा विधायक, विधानसभा चरखारी