संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से परिजनों के साथ दिल्ली जा रही महिला ने स्टेशन परिसर में बच्चे को जन्म दिया। मामला झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर हरपालपुर स्टेशन का है।
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से पति के साथ दिल्ली जा रही महिला को महोबा स्टेशन से निकलते ही प्रसव पीड़ा होने लगी। दर्द से कराहती महिला को देखकर लोगों ने चेनपुलिंग करते हुए ट्रेन रुकवाई। हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर पति ने अन्य यात्रियों की मदद से महिला को नीचे उतारा। स्टेशन परिसर में ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जहां दोनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
विज्ञापन
जनपद बांदा के कस्बा अतर्रा निवासी जुगल किशोर परिवार समेत दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले वह घर आया था। सोमवार की रात वह अतर्रा से संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में पत्नी पूजा के साथ दिल्ली जाने के लिए सवार हुआ। जैसे ही ट्रेन महोबा से गुजरी तो कुलपहाड़ स्टेशन के पास महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। बोगियों में सवार अन्य यात्रियों ने जब महिला को कराहते देखा तो उन्होंने मदद की। साथ ही हरपालपुर स्टेशन के पास चैन पुलिंग करके ट्रेन को रुकवाया। तब पति ने अन्य यात्रियों की मदद से पत्नी को स्टेशन परिसर पर लिटाया।
स्टेशन पर मौजूद अन्य महिलाओं ने कपड़ों से आड़ बनाकर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस से जच्चा-बच्चा को हरपालपुर अस्पताल भेजा गया। पति ने बताया कि प्रसव में महिला यात्रियों ने बेहतर सहयोग किया। जिससे जच्चा-बच्चा की हालत स्वस्थ है। स्टेशन मास्टर फराज खान का कहना है कि ट्रेन में किसी ने चैन पुलिंग की थी। प्रसूता को सकुशल स्टेशन पर उतारा गया। जहां प्रसव हुआ, बाद में एबुलेंस को सूचना देकर जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया गया।