थाना महोबकंठ के कनकुआं गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के बड़े बेटे ने छोटे भाई व बहू पर मारपीट के बाद गले में फंदा कसकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। बताया कि छह बीघा जमीन पोते के नाम करने पर घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बहू-बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनकुआं निवासी असगर अली (68) खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके नाम 16 बीघा भूमि थी। छह बीघा भूमि उन्होंने बड़े बेटे रमजान के पुत्र गुलफाम के नाम कर दी थी। इसके बाद से छोटा शाकिर और बहू शकीना आए दिन प्रताड़ित करते थे। सुबह असगर अली का शव घर पर संदिग्ध हालात में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए परिजनों से जानकारी ली। मृतक के बड़े बेटे रमजान ने आरोप लगाया कि पिता के नाम शेष बची जमीन को अपने नाम कराने के लिए छोटा भाई व उसकी पत्नी लगातार दबाव बना रहे थे। दूसरे नंबर का भाई जहीर मानसिक रूप से विक्षिप्त है।