क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी मामले में फरार चल रहे पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार को पुलिस 90 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। मामले के अन्य सभी आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। फरार पूर्व एसपी की गिरफ्तारी को अब स्पेशल टीम गठित होगी।
पाटीदार पर इनाम की राशि 50 हजार की जा चुकी है। कबरई के क्रशर कारोबारी इंद्रकात त्रिपाठी मामले में पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार फरार चल रहे हैं, जबकि पूर्व थानाध्यक्ष देवेंद्र शुक्ला, सिपाही अरुण यादव, व्यापारी सुरेश सोनी व ब्रह्मदत्त जेल में बंद हैं।
एसपी की गिरफ्तारी न होने पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था। दो दिन पहले इनाम की धनराशि 50 हजार रुपये कर दी गई थी। भगौड़े पूर्व एसपी के थानों में पोस्टर चिपकाने की तैयारी की जा रही है। पूर्व एसपी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबिश दी जा रही, लेकिन आरोपित पूर्व एसपी पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं।