कबरई के क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में आरोपी पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार के खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी हो गया है। उधर, झांसी से आई फोरेंसिक टीम ने दो दिन जांच पड़ताल की। सोमवार को टीम झांसी लौट गई।
कबरई निवासी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में आरोपी पूर्व एसपी मणिलाल पाटीदार को महोबा, प्रयागराज के एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा और एसटीएफ टीम घटना के चार महीने से अधिक बीत जाने के बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी हैं।
हालांकि, अफसरों का दावा है कि पुलिस और एसटीएफ ने पूर्व एसपी के राजस्थान स्थित पैतृक आवास के साथ ही लखनऊ, मध्यप्रदेश, प्रयागराज समेत कई संभावित स्थानों में दबिश दी है। दबिश देने का सिलसिला जारी है, लेकिन आरोपी पूर्व एसपी का सुराग नहीं मिल सका है।
इधर, भगोड़े 50 हजार के इनामी पूर्व एसपी विदेश न भाग सकें, इसलिए विवेचक एसपी क्राइम, प्रयागराज ने पूर्व एसपी के खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी करने के लिए एसपी महोबा को अपनी रिपोर्ट भेजी थी। सूत्रों के मुताबिक, विवेचक एसपी क्राइम की रिपोर्ट को महोबा के एसपी ने गंभीरता से लिया है और एसपी एके श्रीवास्तव ने लुक-आउट का नोटिस जारी कर दिया।