महोबा के आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क में बुधवार को बुंदेलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर खून से 75 खत लिखकर बधाई संदेश भेजे। इस दौरान प्रधानमंत्री से बुंदेलखंड को विकास की मुख्य धारा में लाने के लिए विशेष पैकेज देकर आईआईटी, आईआईएम व एम्स जैसे संस्थान खोलने की मांग की।
विज्ञापन
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने कहा कि अब तक वह प्रधानमंत्री को 48 बार खून से खत लिख चुके हैं। पाती लिखने का यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा जब तक वे बुंदेलखंड के किसानों को विशेष पैकेज नहीं देते, औद्योगिक विकास के लिए टैक्स फ्री जोन घोषित नहीं करते व एम्स जैसे उच्च चिकित्सा संस्थान नहीं खोलते। कहा कि जब तक बुंदेलखंड पिछड़ा रहेगा, भारत विकसित राष्ट्र कैसे बन पाएगा। आखिर बुंदेलखंड भारत का दिल और हृदयस्थल है। इस दौरान महामंत्री डा. अजय बरसैंया, डाॅ. देवेंद्र पुरवार, अन्नू भाई, मनीष जैदका, सुधीर दुबे, गयाप्रसाद, हरीओम निषाद, अमरचंद विश्वकर्मा, दिलीप जैन, महेंद्र चौरसिया आदि शामिल रहे।