कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरा नाले के पास तेज रफ्तार बाइक व साइकिल की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में सड़क पर गिरे युवक को पीछे से आ रही बोलेरो कार 50 मीटर तक घसीटती ले गई। जिससे युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई जबकि साइकिल सवार को भी गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
श्रीनगर थाना क्षेत्र के बिलखी गांव निवासी तुलसीदास रैकवार (30) मंगलवार को बाइक से किसी कार्य से महोबा आया था। रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर वापस लौट रहा था। तभी हाईवे पर बरा नाले के पास सामने से आ रहे साइकिल सवार से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान मध्यप्रदेश के छतरपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो सड़क पर पड़े बाइक सवार युवक को 50 मीटर तक घसीटते ले गई।