फर्रुखाबाद। माफिया बसपा नेता अनुपम दुबे के तीन साथियों को पुलिस ने गैंगस्टर के मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसमें होटल व्यवसायी भाइयों सहित एक वकील शामिल है।
तत्कालीन शहर कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने 13 नवंबर 2021 को फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी माफिया बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे, उसके भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन, शहर कोतवाली के मोहल्ला वृंदावन वाली गली निवासी अभिषेक रस्तोगी उर्फ सोनू, पंकज रस्तोगी उर्फ वंशी के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे की विवेचना मऊदरवाजा एसओ आमोद कुमार सिंह कर रहे हैं।
बसपा नेता अनुपम दुबे मथुरा जेल में बंद है। 50 हजार का इनामी भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन फरार है। विवेचना में शहर कोतवाली के मोहल्ला नवाब न्यामत खां निवासी वकील विनय दुबे उर्फ सोनू, मोहल्ला बागकूंचा निवासी संदीप पाठक उर्फ अक्कू, मोहल्ला बूरा वाली गली निवासी गौरव गुप्ता, मोहल्ला कटरा बू अली खां निवासी देवेंद्र मिश्रा उर्फ डब्बू मिश्रा, मोहल्ला घेर श्यामू खां निवासी होटल व्यवसायी अभिषेक उर्फ अभि दुबे, चचेरे भाई संदीप दुबे, मोहल्ला बाग कूंचा निवासी गौरव गुप्ता उर्फ रज्जू गुप्ता के नाम प्रकाश में आए।
इन लोगों ने माफिया व उसके भाई के साथ मिलकर मारपीट, रंगदारी मांगने व जान से मारने की नीयत से हमला करने का अपराध किया है। पुलिस ने अभिषेक दुबे उर्फ अभि, संदीप दुबे व विनय दुबे उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर शुक्रवार की शाम को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। एएसपी डॉ.संजय कुमार ने बताया कि माफिया के तीन साथियों को गैंगस्टर के मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।