कानपुर। नेहरूनगर स्थित जूनियर ब्लाइंड स्कूल में रविवार को कानपुर कराटे लीग हुई। इसमें 10 राज्यों से 220 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मध्य प्रदेश की टीम शानदार प्रदर्शन कर ओवरऑल चैंपियन बनी, जबकि उत्तर प्रदेश को उपविजेता बनने का गौरव मिला।
शोतोकान स्कूल कराटे डो एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य इंद्रजीत सिंह और अक्षय ने संयुक्त रूप से किया। एशियन कराटे फेडरेशन, वर्ल्ड कराटे फेडरेशन और कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन से जुड़े अधिकृत रेफरियों ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बना। प्रथम स्थान की ट्रॉफी अपने नाम की। उत्तर प्रदेश दूसरे, राजस्थान तीसरे, दिल्ली चौथे, झारखंड पांचवें और असम छठे स्थान पर रहे। विजेताओं को ट्रॉफी, पदक, प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष ऋषिकेश कुमार, सचिव विजय कुमार, हेमलता, विनोद कुमार, सुनील कुमार, आर्यन, मानसी आदि मौजूद रहे।