लखनऊ से कानपुर के बीच चलने वाले दैनिक यात्रियों समेत अन्य यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। शुक्लागंज गंगापुल पर 27 दिन से चल रहा मरम्मत का काम पूरा होने के बाद लखनऊ-कानपुर रूट बहाल हो गया है। इससे लखनऊ-कानपुर रूट पर चलने वाली 20 मेमू समेत शॉर्ट टर्मिनेटेड (दूरी कम कर चलाई जाने वाली) ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। हालांकि अभी निरस्त ट्रेनों को चलाए जाने की तिथि तय होनी है। संभावना है कि इन्हें आठ दिसंबर से चलाया जाए।
कानपुर से चलने लगीं मेमू
मेगा ब्लाक की वजह से मेमू ट्रेनें 11 नवंबर से सात दिसंबर तक उन्नाव से कानपुर के बीच चल रही थीं। काम पूरा होने के बाद छह दिसंबर से इन सभी 20 मेमू ट्रेनों का कानपुर तक संचालन शुरू हो चुका है। ये ट्रेनें कानपुर-लखनऊ, बाराबंकी-कानपुर और कल्याणपुर-लखनऊ के बीच चलती हैं।
यह शॉर्ट टर्मिनेटेड ट्रेनें बहाल
पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस, कानपुर-काठ गोदाम गरीब रथ, फैजाबाद-कानपुर इंटरसिटी, उत्सर्ग एक्सप्रेस, लखनऊ-बांद्रा एक्सप्रेस और वरुणा एक्सप्रेस अपने पूर्व निर्धारित स्टेशनों से कानपुर होते हुए आ जा सकेंगी।
इन ट्रेनों का रूट होगा बहाल
मेगा ब्लाक के दौरान बदला गया कुछ ट्रेनों का रूट भी बहाल होगा। कुशीनगर, ग्वालियर-बरौनी और जनसाधारण एक्सप्रेस, कानपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस, कानपुर-दिल्ली-अंबाला, पटना कोटा एक्सप्रेस, फरक्का और गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस भी अपने पूर्व निर्धारित रूट पर चलने लगेंगी।
अभी ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त
आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, प्रयाग इंटरसिटी एक्सप्रेस, कानपुर-अमृतसर एक्सप्रेस, छपरा-लखनऊ एक्सप्रेस, गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, चेन्नई-लखनऊ गोमती सागर एक्सप्रेस, सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस, झांसी-लखनऊ पैसेंजर, प्रयाग-कानपुर पैसेंजर, रायबरेली-कानपुर पैसेंजर, सीतापुर-कानपुर पैसेंजर, बालामऊ पैसेंजर, लखनऊ-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेनें निरस्त चल रही हैं।