हरदोई में लखनऊ-दिल्ली रेलमार्ग पर वाराणसी से जम्मूतवी जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस के जनरल कोच की रहीमाबाद में स्प्रिंग टूट गई। चालक से सूचना मिलने के बाद अधिकारियों समेत बालामऊ जंक्शन का टेक्निकल स्टाफ मौके पर पहुंच गया। अस्थाई मरम्मत के बाद ट्रेन को रहीमाबाद स्टेशन पर लाकर लूप लाइन पर खराब कोच को ट्रेन से अलग किया गया।
इस दौरान लगभग साढ़े चार घंटे अप ट्रैक बाधित रहा। सात बजे से बाधित अप रूट पर रात 11:40 बजे के बहाल किया जा सका। वहीं बेगमपुरा एक्सप्रेस को पौने सात घंटे बाद रात लगभग पौने दो बजे आगे के लिए रवाना किया जा सका। वाराणसी से जा रही ट्रेन संख्या 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस रात लगभग सात बजे दिलावर नगर व रहीमाबाद स्टेशन के बीच पहुंची तभी तेज आवाज के साथ ट्रेन में जर्क महसूस हुआ।