यूपी के उन्नाव जिले में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवती के पिता का आरोप है कि युवक चोरी के इरादे से घर में घुसा था। पकड़ने के प्रयास में उसकी चाकू खुद उसे ही लग गई और मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई ने शादी के लिए बातचीत का झांसा देकर भाई को घर बुलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने भाई की तहरीर पर युवती के पिता, चाचा और मां पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। युवती के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अचलगंज के छेरिहा गांव निवासी रामनाथ उर्फ लोहा (30) पुत्र स्व. बदलू प्रसाद का बलियाखेड़ा गांव निवासी वासुदेव की बेटी से प्रेम प्रसंग था। शुक्रवार रात रामनाथ युवती से मिलने उसके घर पहुंच गया। जानकारी हुई तो वासुदेव ने घर में चोर-चोर का शोर मचा दिया। रात करीब दस बजे ग्रामीणों ने घर को घेर लिया। रामनाथ ने भागने की कोशिश की तभी वासुदेव ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वासुदेव की ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने रामनाथ को सीएचसी पहुंचाया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई रामवृक्ष ने बताया कि रामनाथ ने शुक्रवार शाम उसे वासुदेव के यहां जाने की जानकारी दी थी। यह भी बताया था कि शादी की बातचीत करने के लिए युवती के चाचा श्यामू ने बुलाया है। आरोप है कि योजना बनाकर उसके भाई को बहाने से बुलाया गया और हत्या कर दी गई। अचलगंज थानाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि रामवृक्ष की तहरीर पर वासुदेव, उसकी पत्नी फुलवासा और बेटी के अलावा श्यामू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वासुदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।